देहरादून, 26 जनवरी 2026। देहरादून (जौलीग्रांट) एयरपोर्ट पर 77वाँ गणतंत्र दिवस समारोह उत्साह और देशभक्ति के साथ धूमधाम से मनाया गया। एयरपोर्ट के तमाम विभागों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में सीआईएसएफ के डॉग स्क्वायड ने यात्रियों को सुरक्षित रखने वाली क्षमताओं का बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसमें विस्फोटक पकड़ने, आपातकालीन चिकित्सा सहायता देना और फ़ायर हूप जंप शामिल थे।
इस मौके पर सीआईएसएफ की कमांडो विंग ने भी विभिन्न हथियारों एवं आपात स्थिति से निपटने के लिए अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया। एयरपोर्ट निदेशक भूपेश सीएच नेगी ने बताया कि देहरादून एयरपोर्ट को और अधिक विश्वस्तरीय सुविधाएँ प्रदान करने के प्रयास जारी हैं। नए एटीसी टावर की स्थापना के लिए स्थान तलाशी जा रही है तथा वर्तमान टावर में ऑटोमेटिक सिस्टम लगाया जा रहा है, जिससे हवाई परिचालन और अधिक सुरक्षित व सुसंगत होगा। रनवे के विस्तार की योजना भी पूरी तरह तैयार है और राज्य सरकार से भूमि मिलने पर इसका कार्य शीघ्र शुरू हो जाएगा।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुति, सुरक्षा बलों का आकर्षक प्रदर्शन और यात्रियों के बीच राष्ट्रीय उत्साह की झलक देखने को मिली। मौके पर उपस्थित लोगों ने गणतंत्र दिवस की सौगात का भरपूर आनंद लिया और देशभक्ति की भावना प्रबल होती दिखाई दी।




