एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज, हरिद्वार में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ, निर्वाचन साक्षरता क्लब, स्वीप एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर भव्य मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्रपुरी ने कहा कि संविधान ने प्रत्येक नागरिक को मतदान का अधिकार दिया है, लेकिन इसके प्रति जागरूकता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विवेकपूर्ण मतदान ही मजबूत, स्थायी सरकार के चयन का माध्यम है, जो सशक्त राष्ट्र की नींव रखता है।
महाविद्यालय के प्राचार्य एवं सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने छात्र-छात्राओं, स्टाफ एवं उपस्थित बीएलओ को लोकतांत्रिक निष्ठा एवं निष्पक्ष मतदान की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को एक-एक वोट के महत्व को समझना चाहिए, क्योंकि मतदाता लोकतंत्र की धुरी है। कार्यक्रम को आकर्षक बनाने के लिए ‘सेल्फी प्वाइंट’ भी स्थापित किया गया।
इस अवसर पर ‘मेरा भारत मेरा वोट’ विषय पर आयोजित पोस्टर, निबंध एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए गए। पोस्टर प्रतियोगिता में प्रेरणा एवं अन्नू ने प्रथम, प्रिया रघुवंशी ने द्वितीय तथा कशिश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में मयूरी प्रथम, ज्योति सक्सेना द्वितीय एवं निक्की तृतीय रहीं। स्लोगन प्रतियोगिता में स्नेहा सिंघल ने प्रथम, नितिन कुमार ने द्वितीय एवं निधि कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि द्वारा क्षेत्र के बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




