उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय परीक्षा को पेपर लीक प्रकरण के कारण रद्द किए जाने के बाद अब उसकी पुनः परीक्षा अप्रैल 2026 में आयोजित किए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। आयोग ने इसके लिए केंद्रों का चिह्नितकरण शुरू कर दिया है और जल्द ही परीक्षा तिथि का ऐलान किया जाएगा।
यूकेएसएसएससी ने 21 सितंबर 2025 को परीक्षा कराई थी, जिसमें करीब 1,05,000 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा के दौरान हरिद्वार के एक केंद्र से प्रश्नपत्र लीक होने के आरोप के बाद अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश फैल गया और छात्रों ने आंदोलन किया। उनकी मांग के अनुरूप सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश की थी।
इसके बाद एक एकल सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट के आधार पर आयोग ने 11 अक्टूबर को आयोजित परीक्षा को रद्द कर दिया था। उस समय आयोग ने घोषणा की थी कि तीन माह के भीतर परीक्षा दोबारा कराई जाएगी, लेकिन सीबीआई द्वारा जारी जांच के कारण यह संभव नहीं हो पाया।
आयोग के सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल ने कहा है कि आयोग जल्द ही बैठक कर परीक्षा की तिथि तय करेगा और इसके लिए सभी सुरक्षात्मक कदम उठाए जाएंगे। इस बीच पेपर लीक प्रकरण की सीबीआई जांच गतिमान है।




