हरिद्वार, 14 अप्रैल 2025: भारतीय संविधान के शिल्पकार और ‘भारत रत्न’ बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर हरिद्वार में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान अम्बेडकर पार्क कड़च्छ, अंबेडकर पार्क टिबड़ी, रविदास मन्दिर कनखल और देवपुरा में कार्यक्रम आयोजित किए गए। कनखल के रविदास मंदिर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और हरिद्वार विधायक मदन कौशिक ने कहा कि बाबा साहेब के विचारों पर चलने वाला एकमात्र दल भाजपा है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा बाबा साहेब की स्मृतियों से जुड़े स्थानों को सहेजकर पंचतीर्थ के निर्माण को उनकी सच्ची श्रद्धांजलि बताया। कौशिक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहेब का अपमान किया और उनके बनाए संविधान को बदलने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने कश्मीर में धारा 370 को केवल अस्थायी रूप से लागू करने की बात कही थी, लेकिन कांग्रेस ने इसे स्थायी बनाए रखने की कोशिश की।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष विकास तिवारी ने कहा कि बाबा साहेब को कांग्रेस ने मंत्री बनने से रोकने की कोशिश की, लेकिन मजबूरी में उन्हें कानून मंत्री बनाना पड़ा। उन्होंने सामाजिक समरसता को बढ़ाने के लिए सशक्त संविधान दिया। मध्य हरिद्वार मंडल अध्यक्ष तुशांक भट्ट ने बाबा साहेब के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनका जन्म 14 अप्रैल 1891 को मध्य प्रदेश के महू में हुआ था। उन्होंने कोलंबिया विश्वविद्यालय से पीएचडी प्राप्त की और उनके शोध का विषय ‘ब्रिटिश भारत में प्रांतीय वित्त का विकेंद्रीकरण’ था।
कनखल मंडल अध्यक्ष प्रशांत शर्मा ने कहा कि बाबा साहेब को भारतीय संविधान का शिल्पकार कहा जाता है, जिसके आधार पर देश की प्रशासनिक व्यवस्था चल रही है। उन्होंने बताया कि विश्व के कई देशों, विशेष रूप से अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी के मुख्य द्वार पर उनकी प्रतिमा स्थापित है।
कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने बाबा साहेब के योगदान को याद करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।