सरेनी (रायबरेली)। विकास क्षेत्र सरेनी के सहदेमऊ गांव में रविवार को आयोजित कवि सम्मेलन ने ग्रामीण अंचल को साहित्य, संस्कृति और राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का आयोजन आशीष मिश्रा एडवोकेट द्वारा किया गया, जिसकी अध्यक्षता देव नारायण शुक्ला ने की।
मुख्य अतिथि दिनेश दुबे (दर्जा प्राप्त केंद्रीय राज्य मंत्री) ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कवि सम्मेलन की शुरुआत सुनील सरगम की ओजस्वी रचना से हुई, जिसे श्रोताओं ने तालियों से सराहा। इसके बाद शिवतोष संघर्षी की राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत पंक्तियों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति से भर दिया।
वाणी पुत्र वाई.पी. सिंह ने मानवीय मूल्यों पर आधारित रचना प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर किया। डॉ. विनय भदौरिया की ओजपूर्ण पंक्तियों पर पंडाल जयकारों से गूंज उठा। वहीं कमलेश शुक्ला ने राधा–कृष्ण प्रेम की भावनात्मक प्रस्तुति दी, जिसे खूब सराहना मिली। डॉ. शैलेश प्रताप सिंह ने सामाजिक सौहार्द का संदेश देते हुए नफरत मिटाकर मोहब्बत का दीप जलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन वाणी पुत्र वाई.पी. सिंह ने किया, जबकि आभार आशीष मिश्रा ज्ञानू व मनीष मिश्रा एडवोकेट ने व्यक्त किया। मुख्य अतिथि दिनेश दुबे ने कहा कि कविता समाज को जागरूक करती है और ऐसे आयोजनों से राष्ट्रप्रेम व सामाजिक एकता मजबूत होती है।
इससे पूर्व आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सकों ने ग्रामीणों का परीक्षण कर दवाइयां वितरित कीं। उल्लेखनीय है कि यह आयोजन वरिष्ठ समाजसेवी प्रभु शंकर बाजपेई एवं महावीर प्रसाद तिवारी के सम्मान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी व ग्रामीण मौजूद रहे।




