हरिद्वार। विवेक विहार व्यापार मंडल के नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण समारोह में गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शहर महामंत्री अमन शर्मा ने नवनियुक्त अध्यक्ष बलराम सेठ, उपाध्यक्ष आशीष वर्मा, अंकित रघुवंशी, महामंत्री ऋषभ शर्मा, कोषाध्यक्ष आदित्य बंसल, मंत्री अरुण चंदेरिया, आशीष त्यागी, संगठन मंत्री अभिनव वर्मा, समीर सक्सेना, मीडिया प्रभारी विवेक शर्मा, ऑडिटर मुकेश वर्मा, संरक्षक डॉ. विशाल गर्ग और प्रभात किशोर घिल्डियाल को शपथ दिलाई।
समारोह में मुख्य अतिथि नगर विधायक मदन कौशिक ने सभी पदाधिकारियों को माल्यार्पण कर बधाई दी। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल समाज और स्थानीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। उन्होंने नई टीम से व्यापारियों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।
विशेष अतिथि मेयर किरण जैसल ने व्यापारियों की भूमिका को शहर के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने स्वच्छता, यातायात व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण में व्यापारियों से सहयोग की अपील की। पर्यटन सलाहकार उपाध्यक्ष ओमप्रकाश जमदग्नि ने हरिद्वार की धार्मिक और पर्यटकीय महत्ता को रेखांकित करते हुए व्यापारियों को ईमानदारी और सेवा भावना के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
नवनियुक्त अध्यक्ष बलराम सेठ ने कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाएंगे और व्यापारियों के हितों की रक्षा, बाजार में अनुशासन व एकजुटता बनाए रखने के लिए संकल्पबद्ध हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संजीव नैय्यर ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग ने किया। समारोह में प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष संजीव नैय्यर, जिला महामंत्री प्रदीप कालरा, कोषाध्यक्ष राम अरोड़ा, प्रदेश मंत्री विजय शर्मा, तहसील अध्यक्ष राहुल कांडपाल, नागेश वर्मा, राजन सेठ, पार्षद विवेक भूषण और वरिष्ठ समाजसेवी जगदीश लाल पाहवा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
यह समारोह व्यापार मंडल की एकजुटता और व्यापारियों के हितों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा।