रायबरेली। लालगंज तहसील परिसर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 109 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया। जिलाधिकारी ने शेष प्रकरणों के एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
तहसील दिवस में राजस्व विभाग से 39, पुलिस विभाग से 33, विकास विभाग से 7 तथा अन्य विभागों से 30 शिकायतें प्राप्त हुईं।
इस दौरान व्यापार मंडल ने लालगंज बाईपास स्थित ध्वस्त रेलवे पुल और नेशनल हाईवे की साइड लेन की बदहाल स्थिति का मुद्दा जोर-शोर से उठाया। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष विवेक शर्मा, जिला अध्यक्ष रोहित सोनी, जिला महामंत्री अप्पू शर्मा, नगर महामंत्री शिवम गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि लालगंज बाईपास छह वर्षों बाद अक्टूबर माह में चालू हुआ था, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता खराब होने के कारण पुल की स्लैब पुनः ध्वस्त हो गई, जिससे नेशनल हाईवे पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है।
व्यापार मंडल ने नेशनल हाईवे से लगी साइड लेन की मरम्मत की भी मांग की। उन्होंने बताया कि एक साइड लेन को पत्थर लगाकर बंद कर दिया गया है, जबकि शेष लेनें भी अत्यधिक जर्जर हैं, जिससे आए दिन वाहन फंसने और जाम की स्थिति बन रही है।
जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने पुल निर्माण में गुणवत्ता की जांच कराने तथा शीघ्र बाईपास को चालू कराने का आश्वासन दिया। वहीं व्यापार मंडल की मांग पर पुलिस अधीक्षक ने लालगंज में भारी वाहनों के डायवर्जन के निर्देश प्रभारी निरीक्षक को दिए।
तहसील दिवस में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता ने सराफा मंडी स्थित शीतला मंदिर एवं प्राचीन कुएं के संरक्षण की मांग रखी। वहीं आलमपुर ग्राम प्रधान अमित कुमार बच्चा लाल ने आंगनबाड़ी निर्माण कार्य में लेखपाल द्वारा रोक लगाए जाने की शिकायत की, जिसके समर्थन में दो दर्जन महिलाएं भी तहसील दिवस में पहुंचीं।
संपूर्ण समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी मिथिलेश कुमार त्रिपाठी, तहसीलदार शिवम राठौड़, खंड विकास अधिकारी गगनदीप सिंह, प्रभारी निरीक्षक लालगंज प्रमोद कुमार सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।




