जनपद में संचालित सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों में अनियमितताओं की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला स्तरीय अधिकारियों को औचक निरीक्षण के निर्देश दिए थे।
जिलाधिकारी के आदेश पर सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के दौरान जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में कुल 100 सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण रिपोर्ट के अनुसार 65 दुकानों में अनियमितताएं पाई गईं, जबकि 35 दुकानों का संचालन सही पाया गया।
इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी श्याम आर्य ने बताया कि अनियमितता पाए जाने पर 65 राशन डीलरों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें से अब तक 30 डीलरों के जवाब प्राप्त हुए हैं, जबकि 35 डीलरों के जवाब अभी लंबित हैं। प्राप्त जवाबों में कई डीलरों के स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सभी जवाब प्राप्त होने के बाद पत्रावली जिलाधिकारी को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी राशन दुकान में अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी, दुकानों का समय पर संचालन हो और उपभोक्ताओं को मानक के अनुसार समय पर राशन उपलब्ध कराया जाए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित डीलर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




