, 11 दिसम्बर। हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेले की तैयारी को लेकर प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज से मुलाकात की। जिला अध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग के नेतृत्व में पहुंचे व्यापारियों ने शॉल ओढ़ाकर व पुष्पगुच्छ भेंट कर श्रीमहंत रविंद्रपुरी का सम्मान किया।
श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने सभी व्यापारियों को मां मनसा देवी की चुनरी ओढ़ाकर आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले की तैयारियां तेजी से चल रही हैं और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार इसे भव्य स्वरूप देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन से व्यापार को गति मिलेगी और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्राप्त होगी।
जिलाध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ की तर्ज पर हरिद्वार कुंभ भी श्रीमहंत रविंद्रपुरी के नेतृत्व में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। व्यापार मंडल ने आश्वस्त किया कि मेले के दौरान अखाड़ा परिषद और सरकार को पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा।
प्रदेश सचिव मयंक मूर्ति भट्ट और तहसील अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि अखाड़ा परिषद देश-विदेश में सनातन संस्कृति के प्रचार में अग्रणी भूमिका निभा रही है और हरिद्वार कुंभ का भव्य आयोजन इस मिशन को और गति देगा।
मुलाकात के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष शिवकुमार कश्यप, तहसील महामंत्री आदेश मारवाड़ी, जिला महामंत्री अश्वनी शर्मा, योगेश भारद्वाज, शहर अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, विमल सक्सेना व अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।




