रोड़ी बेलवाला मैदान में तीर्थ यात्रियों के साथ हुई मारपीट और अभद्रता के विरोध में आज प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल रजि. उत्तराखंड की शहर इकाई की ओर से सुभाष घाट स्थित मूर्ति के नीचे विशाल धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरने में बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी, दुकानदार और तीर्थ पुरोहित शामिल हुए।
धरने को संबोधित करते हुए शहर अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने कहा कि कई महीनों से विभिन्न विभागों के भ्रष्ट कर्मचारियों के संरक्षण में अवैध फड़‐रेहड़ी संचालकों की अराजकता बढ़ती जा रही है, जो अब मारपीट और खून-खराबे तक पहुंच चुकी है। उन्होंने मांग की कि घटना क्षेत्र से जुड़े पुलिस चौकी के पूरे स्टाफ को निलंबित किया जाए, तभी ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सकेगा।
तहसील अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि संबंधित गुंडा तत्वों पर अविलंब मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई न होने पर अगला धरना कोतवाली हरिद्वार में आयोजित किया जाएगा।
घटना से प्रभावित तीर्थ यात्रियों के कुल पुरोहित पंडित सुमित शर्मा ने मारपीट की पूरी घटना का विस्तृत विवरण सभी उपस्थित लोगों के सामने रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि तहरीर देने पर चौकी स्टाफ ने पीड़ितों को उलझाकर गुमराह किया।
सुभाष घाट व्यापार मंडल अध्यक्ष राजू बढ़ावा ने तीर्थ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की, वहीं पंडित आदेश मारवाड़ी ने कहा कि तीर्थ यात्री हरिद्वार और उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था के अन्नदाता हैं, उनके उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
धरने में शहर के कई गणमान्य लोग, व्यापार मंडल पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में तीर्थ पुरोहित उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में मांग की कि प्रशासन शीघ्र कार्रवाई कर दोषियों पर कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित करे।
उपस्थित प्रमुखों में जिला महामंत्री संगठन एवं शहर अध्यक्ष पंडित योगेश भारद्वाज, जिला महामंत्री पंडित अश्वनी मोतीवाला, पंडित नवीन वशिष्ठ, पंडित तरुण वशिष्ठ, पंडित दीपक बागडोलिया, पंडित मोनू सिकोला सहित व्यापार संगठनों से अजय अरोड़ा, मनोज सिरोही, सुमित शर्मा, विमल सक्सेना, अनुज गुप्ता, निशा गुप्ता, अजय यादव, साजन साहनी, सोनू थापड़ियाल, महादेव आदि शामिल रहे।
धरने के दौरान तीर्थ यात्रियों की सुरक्षा और अवैध अतिक्रमण हटाने की मांगों को लेकर प्रशासन से शीघ्र ठोस कार्रवाई की गुहार लगाई गई।




