हरिद्वार, 1 दिसम्बर। रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में बाहर से आए यात्रियों के साथ मारपीट और अभद्रता की घटना पर प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष डा. विशाल गर्ग ने कड़ी नाराज़गी जताई है। उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार के लिए आए यात्रियों से मारपीट करना न केवल शर्मनाक है बल्कि हरिद्वार की छवि को धूमिल करने वाला कृत्य भी है।
डा. गर्ग ने कहा कि बाहरी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना हरिद्वार की नैतिक जिम्मेदारी है। “देवतुल्य यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा,” उन्होंने कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोहराई गईं तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
व्यापार मंडल अध्यक्ष ने कहा कि हरिद्वार का व्यापार बड़े पैमाने पर बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों पर निर्भर है। इस तरह की वारदातों से व्यापारियों की छवि खराब होती है और शहर की अर्थव्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। डा. गर्ग ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर व्यापारियों को बदनाम करने की साज़िश कर रहे हैं, जिन्हें बेनकाब किया जाना आवश्यक है।




