उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदेश-विदेशदेहरादूनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

एसएमजेएन पीजी कॉलेज में युवा संसद का आयोजन, छात्राओं ने संभाली कमान

हरिद्वार, 28 नवंबर 2025। एसएमजेएन पीजी कॉलेज में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ एवं राजनीति विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में युवा संसद का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि 80 प्रतिशत से अधिक सहभागिता छात्राओं की रही और उन्होंने प्रभावी तरीके से सत्ता पक्ष एवं विपक्ष की भूमिकाएं निभाते हुए सदन की कार्यवाही को सफलतापूर्वक संचालित किया।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि “लोकतंत्र में संसदीय परंपराओं का वही महत्व है, जो शरीर में हृदय का होता है।” उन्होंने छात्र-छात्राओं को संसदीय मर्यादा और प्रक्रियाओं के निर्वहन का संदेश दिया।

 

युवा संसद में रेल मंत्री की भूमिका निभा रहीं मानसी ने संस्कृत में शपथ ग्रहण कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। विपक्षी सांसद अमन पाठक ने गंगा संरक्षण एवं पर्यावरण नीतियों पर सरकार को कटघरे में खड़ा किया, जबकि पर्यावरण मंत्री की भूमिका निभा रहीं ज्योति झा ने सरकार के कदमों को प्रभावी बताया।

 

विपक्षी सांसद दिव्यांशु गैरोला ने आगामी कुंभ की तैयारियों पर सरकार से सवाल पूछा, जिस पर गृह मंत्री पिंकी वर्मा ने विपक्ष से सकारात्मक सहयोग की अपील की। दिव्यांशु नेगी ने प्रदूषण नियंत्रण पर सरकार की नीति की आलोचना करते हुए दिल्ली के बढ़ते वायु प्रदूषण की ओर सदन का ध्यान आकर्षित किया।

 

नए लेबर कोड को लेकर विपक्षी सांसद रवीना नेगी ने तीखी टिप्पणी की, जिसका जवाब श्रम मंत्री साक्षी राणा ने शेर के माध्यम से देते हुए दिया— “माना कि तेरी दीद के काबिल नहीं मैं, तू मेरा शौक तो देख, मेरा इंतजार तो देख।”

 

राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर विपक्ष के प्रश्नों का शिक्षा मंत्री प्रतिमा अंगिरा ने प्रभावी ढंग से उत्तर दिया। वहीं जनसंख्या नीति पर कंचन के सवालों का जवाब देते हुए गृह एवं महिला बाल विकास मंत्री पिंकी वर्मा ने स्पष्ट किया कि सरकार कठोर जनसंख्या नियंत्रण की पक्षधर नहीं है।

 

कार्यक्रम की सफलता पर डॉ. संजय कुमार माहेश्वरी ने राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. विनय थपलियाल एवं उनकी टीम की सराहना की। इस अवसर पर प्रो. जे.सी. आर्य, डॉ. नलिनी जैन, डॉ. प्रदीप त्यागी, डॉ. शिव कुमार चौहान, डॉ. मनोज कुमार सोही, डॉ. विनीता चौहान, डॉ. मीनाक्षी शर्मा, डॉ. हरीश चंद्र सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button