केदारनाथ/हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने सोमवार को बाबा केदारनाथ जी के पवित्र धाम में विशेष पूजन और अभिषेक कर विश्व शांति, सद्भाव और मानव कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज, संत अवंतिका नंद जी और पूज्य कृष्णानंद जी सहित अनेक संतों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत रुद्राभिषेक किया और कहा कि “बाबा केदारनाथ केवल एक तीर्थ नहीं, बल्कि श्रद्धा, आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का महान केंद्र हैं। यहां से की गई प्रार्थनाएं पूरे विश्व में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि बाबा की कृपा सभी भक्तों पर बनी रहे और समाज में प्रेम, भाईचारा एवं शांति का वातावरण स्थापित हो। उन्होंने संत समाज और श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे अपने कर्मों और विचारों के माध्यम से विश्व शांति का संदेश फैलाएं।
पूरे अनुष्ठान के दौरान मंदिर परिसर मंत्रोच्चार और भक्ति गीतों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं में अपार आस्था और उत्साह का वातावरणबना रहा।