महाशिवरात्रि के अवसर पर शिवमूर्ति चौराहे पर श्री अखंड परशुराम अखाड़े और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने रूद्राभिषेक कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की।
हरिद्वार के शिवमूर्ति चौराहे पर मंगलवार को श्री अखंड परशुराम अखाड़े और शिवमूर्ति व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने भगवान शिव की प्रतिमा पर विधिवत रूद्राभिषेक किया। इस धार्मिक आयोजन में हरिद्वार की मेयर किरण जैसल भी सम्मिलित हुईं। उन्होंने कहा कि भगवान शिव सबकी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं और जन-जन के आराध्य हैं।
श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने बताया कि मां गंगा और भगवान शिव की कृपा से कांवड़ मेला सकुशल संपन्न हुआ है। उन्होंने कांवड़ मेले की सफलता में सहयोग के लिए पुलिस प्रशासन का आभार जताया, साथ ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पंडित कौशिक ने सरकार से गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की भी मांग की और कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को गौवंश संरक्षण में अपना योगदान देना चाहिए।
इस मौके पर मुकेश शर्मा, अंबर गोयल, पार्षद दीपक शर्मा, पूर्व पार्षद राजीव भार्गव, प्रदीप बंसल, गौरव खंडूजा, वीरेंद्र अरोड़ा, आशीष बिश्नोई, रवि पंडित, हरिदत्त सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया।
शिवमूर्ति चौराहे पर रूद्राभिषेक करते अखाड़ा और व्यापार मंडल के पदाधिकारी।