- बरेली (रिठौरा), 27 फरवरी – आंवला के पूर्व भाजपा सांसद धर्मेंद्र कश्यप के फुफेरे भाई युधिष्ठिर कश्यप पर गुरुवार रात तीन लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने रास्ते में घेरकर उन पर बांके से ताबड़तोड़ वार किए और मरा समझकर फरार हो गए।
घटना हाफिजगंज थाना क्षेत्र के रिठौरा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 12 की है। युधिष्ठिर कश्यप कस्बे में चाट का ठेला लगाते हैं। गुरुवार रात आठ बजे जब वह ठेला लेकर घर लौट रहे थे, तभी कढ़ेमल नामक व्यक्ति ने अपने बेटों पूरन और ढाकन लाल के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया। धारदार हथियार से किए गए प्रहार से युधिष्ठिर गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह
स्थानीय लोगों के अनुसार, ठेला लगाने के स्थान को लेकर कढ़ेमल और युधिष्ठिर के बीच पुरानी रंजिश थी। जिस जगह पहले कढ़ेमल फड़ लगाता था, वह स्थान युधिष्ठिर को मिलने से विवाद गहरा गया था।
गंभीर रूप से घायल युधिष्ठिर को मिनी बाइपास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। उनके बेटे दीपक कश्यप ने तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
हाफिजगंज थाने के इंस्पेक्टर पवन कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाईकी जाएगी।