हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर हरिद्वार जिला प्रशासन ने एक बार फिर अवैध मदरसों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को जिले में चलाए गए विशेष अभियान के तहत चार और अवैध मदरसों को सील किया गया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा गठित विशेष टीम ने इन मदरसों को सील करते हुए स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई नियमों के उल्लंघन और बिना पंजीकरण के शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन के चलते की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
डीएम दीक्षित ने बताया कि वैध रूप से संचालित मदरसों का भी सर्वे किया जाएगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वहां राष्ट्रीय पाठ्यक्रम के अनुसार ही शिक्षा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी मदरसों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप शिक्षा देना अनिवार्य है और इसकी नियमित समीक्षा की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि हरिद्वार जिले में अब तक कुल 85 अवैध मदरसों को सील किया जा चुका है। इससे पहले यह अभियान जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुई घटना के बाद कुछ समय के लिए रोक दिया गया था, जिसे अब पुनः सक्रिय किया गया है।
प्रशासन की इस कार्रवाई को कानून व्यवस्था बनाए रखने और बच्चों के भविष्य को सुरक्षित रखने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।