राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय, हरिद्वार में छात्र-छात्राओं के लिए मतदाता जागरूकता से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिताएं विश्वविद्यालय के विभिन्न परिसरों में संपन्न हुईं, जिनमें लगभग 80 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
मतदाता जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत स्लोगन, चित्रकला, निबंध तथा सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता चार वर्गों में आयोजित की गईं। मुख्य परिसर के कंप्यूटर विज्ञान विभाग में आयोजित कार्यक्रम में निर्वाचन साक्षरता क्लब प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह असवाल एवं डॉ. भारत वेदालंकार के निर्देशन में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। विभागाध्यक्ष प्रो. करमजीत भाटिया ने छात्र-छात्राओं को मतदाता शपथ दिलाई और युवाओं की लोकतंत्र में भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रो. विवेक कुमार, डॉ. राजकुमार, श्री संजय कुमार एवं श्री संदीप का योगदान रहा। छात्र निशांत तिवारी, लविश कुमार व स्वाति ने संदेशपरक पोस्टर बनाए, जबकि हर्ष शर्मा, चंदन कुमार यादव, गौतमी व एकता ने निबंध लेखन में भाग लिया। बीएससी की छात्रा रीमा ने “जो प्रति लोभन में न आए, वही सच्चा मतदाता कहलाए” तथा बीए की छात्रा गुड्डन सिंह ने “वोट डालने जाना है, अपना फर्ज निभाना है” स्लोगन प्रस्तुत किया।
कन्या गुरुकुल परिसर में हिंदी विभाग की डॉ. निशा शर्मा के निर्देशन में छात्राओं ने चित्रकला, स्लोगन एवं निबंध प्रतियोगिताओं में भाग लिया। परिसर समन्वयक प्रो. सुरेखा राणा के नेतृत्व में छात्राओं, शिक्षिकाओं व स्टाफ ने मतदाता शपथ ली।
अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी परिसर में डॉ. मयंक पोखरियाल के संयोजन में बीटेक छात्रों ने प्रतियोगिताओं में भाग लिया। संकायाध्यक्ष प्रो. मयंक अग्रवाल की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. प्रशांत कौशिक ने मतदाता शपथ दिलाई। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मयंक पोखरियाल, डॉ. प्रशांत कौशिक, डॉ. आशीष धमंधा एवं अमन त्यागी ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया।
प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को शीघ्र ही पुरस्कृत किया जाएगा।




